कार की डिक्की खोलकर काटा केक, आतिशबाजी कर बनाई गई रील; सार्वजनिक मार्ग बाधित करने पर केस दर्ज
बिलासपुर के रिवर व्यू क्षेत्र में कार की डिक्की खोलकर सड़क पर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में रायपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार विपिन पटेल नजर आ रहे हैं। शुरुआती दौर में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन मामले की शिकायत बिलासपुर के सिविल लाइन थाने में की गई थी।
सरजू बगीचा निवासी अमित साहू की शिकायत के अनुसार, 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान कार की डिक्की खोलकर केक काटा गया और आतिशबाजी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया।
शिकायत की जांच के बाद सिविल लाइन पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने के मामले में कार क्रमांक CG 04 NY 1910 के चालक/धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 और 126 के तहत अपराध दर्ज किया है। हालांकि, एफआईआर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का नाम शामिल नहीं है।