श्री सुखमणि साहिब के लड़ीवार पाठ में 50 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा, 25 अक्टूबर से सजेगा तीन दिवसीय कीर्तन दरबार

गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व 27 अक्टूबर को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं श्री सुखमणि साहिब सर्कल के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस पर्व के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम हो रहे हैं।

प्रकाश पर्व की तैयारियों के तहत 24 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक श्री सुखमणि साहिब जी का लड़ीवार पाठ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष बात यह रही कि 50 से अधिक बच्चों ने सामूहिक रूप से श्री सुखमणि साहिब का पाठ कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पाठ के बाद विशेष दीवान सजाया गया और संगत के लिए लंगर की व्यवस्था की गई।

प्रकाश पर्व के अवसर पर 25 अक्टूबर की शाम से पानीपत के कीर्तनकार हरकीरत सिंह जी द्वारा तीन दिवसीय कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुबह और शाम विशेष दीवान सजेंगे, जिसमें संगत को गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से गुरु चरणों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सभी सदस्यों और श्री सुखमणि साहिब सर्कल के सदस्यों का योगदान रहा। श्री सुखमणि साहिब सर्कल की अध्यक्ष दलजीत कौर सलूजा ने संगत से प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की।