
बिलासपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी यदुनंदन नगर तिफरा के पास हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अड्डेबाजी, नशाखोरी तथा चाकूबाजी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यदुनंदन नगर तिफरा के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को धमका रहा है।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद साहू (23), पिता स्व. हरप्रसाद साहू, निवासी कुंदरापारा तालाब के सामने, बजरंगबली मंदिर के पास तिफरा, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 656/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल दाखिल कर दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के दिशा-निर्देशन में सिरगिट्टी पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशाखोरी, हथियार लेकर घूमने, लोगों को धमकाने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।