शादी का झांसा देकर शोषण करने, सिंदूर भरकर पत्नी स्वीकारने और कार से टक्कर मारने का दावा; सरकंडा थाने में शिकायत
बिलासपुर। वेलकम डिस्टलरी के सीईओ साजू त्रिलोचन पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने सरकंडा थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल शिकायत मिली है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला की शिकायत के मुताबिक, एक परिचित के माध्यम से उसकी पहचान साजू से हुई थी। आरोप है कि साजू ने कोटा स्थित डिस्टलरी फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसे अशोक नगर के हर्ष किंगडम स्थित अपने फ्लैट में बुलाया। महिला का दावा है कि उसकी आर्थिक मजबूरी और अकेलेपन का फायदा उठाकर शादी का झांसा दिया गया और शारीरिक संबंध बनाए गए। शादी के लिए दबाव बनाने पर उसने महिला की मां और बच्चों को भी अपने पास बुलाया तथा उनके सामने उसकी मांग में सिंदूर भरकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि साजू ने उसकी पुरानी गाड़ी बिकवाकर नई गाड़ी और तीन मोबाइल फोन फाइनेंस करवाए। उसने यह भी दावा किया कि वेलकम डिस्टलरी से जुड़े शराब घोटाले के मामले में जमानत के लिए उसकी जमीन के दस्तावेज रायपुर कोर्ट में जमा कराए गए थे।
कार से टक्कर मारने का भी आरोप
शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर 2020 की रात श्रीराम मार्केट स्थित सेफ्रॉन होटल के सामने महिला ने साजू को दूसरी महिला के साथ देखा और विरोध किया। आरोप है कि इस पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का दावा है कि साजू ने कार (सीजी 10 बीजे 3621) से उसे टक्कर मारी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इस मामले में उसने सिविल लाइन थाने में भी शिकायत करने की बात कही है।
पीड़िता ने साजू और उसके कार्यालय के कर्मचारी अभिषेक वर्मा पर फोन कर धमकाने का आरोप भी लगाया है। उसका कहना है कि कोर्ट जाने से रोकने के लिए उसे नजरबंद रखा गया और बदनाम कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धमकी दी गई।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि महिला थाने आई थी और उसकी ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस शिकायत की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करेगी। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।