बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के हाफा ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने करीब 8 महीने बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। रायपुर से मर्ग डायरी प्राप्त होने और जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।


पुलिस के अनुसार, पोड़ी निवासी विनोद कुमार कौशिक (50) 19 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे बाइक से बिलासपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाफा ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 20 फरवरी को उनकी मौत हो गई।


घटना के बाद मर्ग जांच की प्रक्रिया पूरी होने और रायपुर से दस्तावेज मिलने के बाद सकरी पुलिस ने अब अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।