बिलासपुर। आगामी गणेश पूजा, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा और निगरानी बदमाशों की परेड कराई। सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के बदमाशों और असामाजिक तत्वों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली और त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने यह कार्रवाई की। परेड के दौरान बदमाशों से उनके वर्तमान कामकाज और गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने उन्हें स्पष्ट हिदायत दी कि आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी तरह का उपद्रव, विवाद या शांति भंग करने की कोशिश न करें।
पुलिस अधिकारियों ने गुंडा और निगरानी बदमाशों से अपने परिवार के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी गई कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अशांति या उपद्रव करने पर संबंधित बदमाशों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। ऐसे मामलों में इस्तगासा तैयार कर बाउंड ओवर की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।