बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान आरपीएफ और जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 21 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार रेलवे स्टेशन परिसर में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के दौरान टीम की नजर प्लेटफार्म पर मौजूद एक महिला और पुरुष पर पड़ी। दोनों के पास भारी ट्रॉली बैग थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों घबराने लगे और वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की।

इसके बाद उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। बैग के भीतर प्लास्टिक टेप से पैक किए गए गांजे के पैकेट मिले। जांच में गांजे का कुल वजन 21 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी गांजे के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रेलवे स्टेशन और उसके आसपास नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और आरपीएफ द्वारा संदिग्ध यात्रियों तथा सामान की लगातार निगरानी और जांच की जा रही है।