फर्जी ID से ईडी, GST और इनकम टैक्स विभाग को भी किया टैग, म्यूचुअल फ्रेंड्स को भेजी जा रही थी फ्रेंड रिक्वेस्ट

बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर की फर्जी Instagram प्रोफाइल बनाकर उसकी छवि धूमिल करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने फर्जी ID पर ट्रांसपोर्टर के खिलाफ ‘अटेंप्ट टू मर्डर’, ‘हवाला’ और ‘स्कैम’ जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े भ्रामक पोस्ट किए। इतना ही नहीं, इन पोस्ट में ED, GST और Income Tax विभाग को भी टैग किया गया। शिकायत मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

तोरवा जगमल ब्लॉक, स्टेशन रोड निवासी भावेश पुजारा पिता नवीन पुजारा ट्रांसपोर्टिंग का काम करते हैं। भावेश के अनुसार, 10 सितंबर की शाम करीब 7 बजे उनके मित्र रोहित ठाकुर ने उन्हें Instagram पर ‘bpaujara99’ नाम की एक प्रोफाइल के बारे में जानकारी दी। जब भावेश ने प्रोफाइल चेक की तो वह उनके नाम और पहचान से मिलती-जुलती फर्जी ID निकली।

फर्जी प्रोफाइल पर भावेश की छवि खराब करने के उद्देश्य से कई आपत्तिजनक और भ्रामक जानकारियां पोस्ट की गई थीं। पोस्ट में उनके खिलाफ ‘अटेंप्ट टू मर्डर’, ‘हवाला’ और ‘स्कैम’ जैसे गंभीर शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। आरोपी ने रायपुर के चर्चित लीक MMS का भी पोस्ट में उल्लेख किया। इन पोस्ट को संबंधित सरकारी विभागों का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से ED, GST और Income Tax विभाग को टैग किया गया था।

मामला यहीं नहीं रुका। आरोपी फर्जी प्रोफाइल के जरिए भावेश के म्यूचुअल फ्रेंड्स को भी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहा था। इससे भावेश को आशंका हुई कि फर्जी ID बनाकर जानबूझकर उनकी सामाजिक और व्यावसायिक छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके बाद भावेश ने फर्जी Instagram प्रोफाइल के स्क्रीनशॉट सहित लिखित शिकायत तोरवा थाने में दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS और धारा 66(C) IT Act के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से फर्जी Instagram ID बनाने वाले आरोपी की पहचान और उसके द्वारा किए गए पोस्ट की जानकारी जुटा रही है।