बिलासपुर। त्योहारों के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरगिट्टी पुलिस ने तिफरा ओवरब्रिज के नीचे धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की और न्यायालय के आदेश के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अशांति फैलाने वालों, अड्डेबाजों, नशाखोरी और चाकूबाजी करने वालों पर नजर रखने के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दिए थे। इसी क्रम में सिरगिट्टी पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिफरा ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी देवा दिवाकर उर्फ गोलू पिता नैनदास दिवाकर, उम्र 30 वर्ष, निवासी भगत सिंह आजाद नगर तिफरा कुंदरापारा, थाना सिरगिट्टी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 662/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 में कार्रवाई की।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशाखोरी, चाकूबाजी या सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे तत्वों के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।