राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंघल ने 18 से घटाकर 5 प्रतिशत जीएसटी करने की उठाई मांग, टेंट नगर-मंडप नगर विकसित करने का सुझाव
सागर। फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश टेंट डीलर वेलफेयर सोसायटी (रजि.) की छठवीं वार्षिक सभा का आयोजन सोमवार, 7 सितंबर को सागर स्थित लक्ष्मीनारायण वाटिका में किया गया। सभा में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से टेंट व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में टेंट व्यवसाय के सामने आ रही चुनौतियों, संगठन की मजबूती और व्यवसाय को नई दिशा देने सहित जीएसटी एवं एमएसएमई से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ऑल इंडिया टेंट डीलर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के पेट्रन एवं छत्तीसगढ़ टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, चेयरमैन दादू पुरोहित, सीनियर वाइस चेयरमैन नवीन अग्रवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंघल, राष्ट्रीय महासचिव सरदार करतार सिंह कोच्चर, उपाध्यक्ष राजकुमार गौतम, मध्यप्रदेश अध्यक्ष राजीव जैन, महासचिव सतनाम सिंह होरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
संगठन की एकता से ही व्यवसाय को मिलेगी मजबूती : अमरजीत दुआ
सभा को संबोधित करते हुए अमरजीत सिंह दुआ ने टेंट व्यवसायियों को संगठन की एकता और आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवसायिक संगठन की ताकत उसके सदस्यों की एकजुटता में होती है। टेंट व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियों को बदलते समय के साथ अपने कार्यक्षेत्र में नए प्रयोग करने और आधुनिक तकनीक एवं व्यवस्थाओं को अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने व्यवसायियों को टेंट कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और व्यवसायिक हितों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाने पर जोर दिया।
जीएसटी 18 से घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग
राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंघल ने टेंट व्यवसायियों की प्रमुख समस्याओं और मांगों को सामने रखते हुए सरकार से टेंट व्यवसाय पर लागू जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि टेंट व्यवसाय बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराता है और देश के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों से भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। ऐसे में व्यवसायियों को राहत देने के लिए जीएसटी दर में कमी आवश्यक है।
उन्होंने प्रत्येक प्रदेश के प्रत्येक जिले में ट्रांसपोर्ट नगर की तर्ज पर ‘टेंट नगर’ और ‘मंडप नगर’ विकसित किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इससे टेंट व्यवसायियों को अपने सामान के भंडारण, परिवहन एवं व्यवसायिक गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा मिल सकेगी और शहरों में भी व्यवस्थित व्यवस्था विकसित होगी।
जीएसटी और एमएसएमई पर हुआ विशेष सेमिनार
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय महासचिव सरदार करतार सिंह कोच्चर ने जीएसटी एवं एमएसएमई विषय पर विशेष सेमिनार लिया। उन्होंने टेंट व्यवसायियों को जीएसटी और एमएसएमई पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं प्रपत्रों की जानकारी सरल तरीके से दी।
उन्होंने व्यवसायियों को एमएसएमई पंजीकरण एवं जीएसटी पंजीकरण के लाभ से अवगत कराते हुए कहा कि व्यवसाय को व्यवस्थित एवं औपचारिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक पंजीकरण और दस्तावेजी प्रक्रियाओं की जानकारी होना बेहद जरूरी है। सेमिनार के दौरान व्यवसायियों ने विभिन्न विषयों को लेकर सवाल भी पूछे, जिनका समाधान किया गया।
वार्षिक सभा में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में टेंट व्यवसायी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, व्यवसायियों की समस्याओं को सामूहिक रूप से सरकार के समक्ष रखने तथा टेंट व्यवसाय को आधुनिक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।