बिलासपुर। सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात ग्राम कुली के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार सुमित्रा बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति सतीराम गोंड़ और मां दुरपति गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के पोड़की निवासी सतीराम गोंड़ (45) रोजी-मजदूरी करते हैं और वर्तमान में बिलासपुर के तालापारा में रहते हैं। रविवार रात करीब 8 बजे वे पत्नी सुमित्रा बाई और सास दुरपति को बाइक से ग्राम कुकदा स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी छोड़ने जा रहे थे।
तीनों ग्राम कुली में मेन रोड पर पवन साहू के मकान के पास पहुंचे थे, तभी बलौदा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सुमित्रा बाई सड़क पर गिरने के बाद ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सतीराम की कमर और हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दुरपति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रेलर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जर्जर सड़क और भारी वाहनों से ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों में सड़क की बदहाल स्थिति और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सीपत से बलौदा तक सड़क कई जगह से जर्जर है। जगह-जगह गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
24 घंटे गुजरते हैं हाइवा और ट्रेलर
सीपत-बलौदा मार्ग पर कोल वाशरियों और औद्योगिक गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में हाइवा और ट्रेलर चलते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले हिस्सों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार हादसों का बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप लगाने, स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाने तथा भारी वाहनों की नियमित स्पीड चेकिंग की मांग की है।