बिलासपुर। शहर में तीन दिन तक चले कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। शिविर में संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने, आगामी चुनाव की रणनीति तैयार करने और सरकार के खिलाफ मुद्दों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा पर मंथन किया गया। समापन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे महज प्रशिक्षण शिविर नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक संघर्ष की तैयारी बताया।

बैज ने कहा कि तीन दिन के मंथन में विष की एक बूंद भी नहीं निकली, बल्कि अमृत ही अमृत निकला है। यहां से मास्टर ट्रेनर अमृत लेकर जाएंगे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को तैयार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और उसके कई नेता व कार्यकर्ता कांग्रेस के संपर्क में हैं। बैज ने कहा कि अभी तो ट्रेलर है, आगे कई बड़े धमाके देखने को मिलेंगे। उन्होंने डोंगरगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफे और नारायणपुर में मंत्री के विरोध का उदाहरण देते हुए पार्टी के भीतर असंतोष का दावा किया।

उन्होंने कहा कि सचिन पायलट के नेतृत्व में संगठन सृजन का काम शुरू हुआ है और नए प्रभारी सुखदेव सिंह के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूती मिलेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरकार के खिलाफ किसान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों से जुड़े मुद्दों पर जमीनी लड़ाई के लिए तैयार किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और ब्लॉक अध्यक्षों को जिलाध्यक्षों के निर्देश में संगठन को मजबूत करने की बात कही।

जल-जंगल-जमीन और शराब के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

पत्रकारों से चर्चा के दौरान दीपक बैज ने कोल ब्लॉक और खनन को लेकर सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। तारा कोल ब्लॉक क्षेत्र की जमीन का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण और मानव-हाथी द्वंद्व की समस्या बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी। शराब के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। बैज ने कहा कि भाजपा में मन की बात होती है, जबकि कांग्रेस में दिल की बात सुनी जाती है।

ब्लॉक अध्यक्षों को मिलेगी ज्यादा जिम्मेदारी

प्रशिक्षण शिविर में आगामी चुनाव को लेकर संगठन की भूमिका बदलने के संकेत भी मिले। कांग्रेस अब ब्लॉक अध्यक्षों को पहले से ज्यादा जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। ब्लॉक अध्यक्ष अपने क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेंगे और सीधे कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे। पार्टी की रणनीति है कि चुनाव के समय अचानक संगठन को सक्रिय करने के बजाय अभी से ब्लॉक स्तर पर नेटवर्क तैयार किया जाए। ब्लॉक अध्यक्ष लगातार कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहेंगे और स्थानीय मुद्दों को पार्टी के बड़े राजनीतिक अभियानों से जोड़ेंगे। इसके जरिए बूथ स्तर तक कांग्रेस की गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी है।

शिविर में विधायक अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, विजय पांडेय, जसबीर गुंबर समेत कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।