बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडारी स्थित मुरूम खदान के गहरे पानी में मंगलवार सुबह तीन दिन से लापता किन्नर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पानी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस हत्या और हादसे दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक की पहचान मन्नू चौक निवासी सागर पासी उर्फ शैगी (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सागर वर्ष 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था। वह रविवार सुबह स्कूटी से घर से निकला था। पहले वह एक साथी के साथ कोटा स्थित कोरी डेम गया। इसके बाद दोनों पेंडारी तालाब के पास पहुंचे, जहां रात करीब 9 बजे तक दोनों ने शराब पी।
कार सवार दो युवकों से हुई थी आखिरी बातचीत
पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी दौरान एक कार से दो युवक वहां पहुंचे। सागर की दोनों युवकों से बातचीत हुई। इसके बाद सागर ने अपने साथी से कहा कि उसका मोबाइल बंद हो गया है और उसने मोबाइल व स्कूटी साथी को सौंप दी। उसने साथी को अकेले घर जाने के लिए कहा और खुद वहीं रुक गया। इसके बाद सागर का कोई पता नहीं चला।
सागर के वापस नहीं लौटने पर परिजन और परिचित उसकी तलाश में जुट गए। करीब तीन दिन तक तलाश के बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पेंडारी स्थित तालाब में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
72 घंटे पुराना होने से चोट के निशान स्पष्ट नहीं
सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि शव करीब 72 घंटे पुराना है और लंबे समय तक पानी में पड़े रहने के कारण शरीर डिकंपोज होना शुरू हो गया था। इस वजह से शरीर पर चोट के निशान स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट और कार सवार युवकों से पूछताछ के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। कार सवार युवकों की पहचान और उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।