बिलासपुर। सीपत के जांजी नहर रोड पर बदमाशों ने लूट के इरादे से एनटीपीसी में पदस्थ वेल्डर सुपरवाइजर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बिहार निवासी इरशाद अली (40) सीपत एनटीपीसी में वेल्डर सुपरवाइजर के पद पर काम करते हैं। शुक्रवार शाम वे जांजी बाजार गए थे। वहां से घर लौटते समय सीपत नहर रोड पर चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसी दौरान कुछ साइकिल सवार ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने बदमाशों को फटकार लगाई और इरशाद को अपने साथ जांजी चौक तक ले गए।
जांजी चौक से इरशाद जैसे ही अपने घर की ओर आगे बढ़े, उनका पीछा कर रहे बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।