बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार स्थित शासकीय स्कूल परिसर में लगे बोरवेल का करीब 30 मीटर केबल तार काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कटा हुआ केबल तार बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को शासकीय स्कूल कड़ार के प्रधान पाठक पन्नालाल कौशिक ने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि स्कूल परिसर में लगे बोरवेल का करीब 30 मीटर केबल तार किसी अज्ञात व्यक्ति ने काटकर चोरी कर लिया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में ग्राम कड़ार निवासी चार युवकों की संलिप्तता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू उम्र 22 वर्ष, रामनारायण साहू उम्र 19 वर्ष, आनंद खरे उम्र 22 वर्ष और पुरुषोत्तम वर्मा उम्र 24 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बोरवेल का केबल तार चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर करीब 30 मीटर कटा हुआ केबल तार बरामद किया गया।

चकरभाठा पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें।