मुंगेली। ग्राम साल्हेघोरी की शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर 5 बोरी चावल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर सेल और चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी के चावल खरीदने वाले सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 5 बोरी चावल बरामद किए गए हैं। एक अन्य आरोपी पहले से ही बिलासपुर जेल में बंद है।

पुलिस के अनुसार, साल्हेघोरी निवासी जलेश्वर साहू शासकीय उचित मूल्य की दुकान में विक्रेता है। 27 अगस्त की शाम करीब 6 बजे राशन वितरण के बाद वह दुकान में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 6:40 बजे दुकान का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जांच करने पर 5 बोरी चावल गायब मिले। चोरी गए चावल की कुल कीमत 13,724 रुपये बताई गई। शिकायत पर चौकी डिंडौरी में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत BNS की धाराओं 331(4), 305(3), 317(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं चौकी डिंडौरी की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार की संलिप्तता का पता लगाया।

पूछताछ में रामानंद ने बताया कि उसने अपने साथी राजेश सारथी के साथ मोटरसाइकिल HF Deluxe क्रमांक CG 28 E 4456 से साल्हेघोरी की राशन दुकान में चोरी की थी। इसके बाद दोनों ने चोरी किए गए चावल को ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू के घर/दुकान में बेच दिया था। पुलिस ने अनिल साहू से पूछताछ कर उसके कब्जे से चोरी के 5 बोरी चावल बरामद कर लिए।

पुलिस ने आरोपी रामानंद अहिरवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी सारधा और चावल खरीदने वाले अनिल साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी गोंड खाम्ही को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी राजेश सारथी पहले से ही एक अन्य प्रकरण में बिलासपुर जेल में निरुद्ध है। उसके खिलाफ पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।