वन विभाग के शासकीय निवास में 10-12 लोगों की मौजूदगी, डिस्पोजल में शराब और चूल्हे पर पकता दिखा मुर्गा; 24 घंटे में मांगा जवाब


बिलासपुर। वन विभाग के शासकीय आवास में शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। मामला सीपत थाना चौक स्थित सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी (डिप्टी रेंजर) के शासकीय निवास का है। वीडियो में सीपत सर्किल के डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़वाल अपने साथियों के साथ दिवाली के दूसरे दिन सोमवार को जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर रेंजर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है।


वायरल वीडियो में शासकीय आवास परिसर में करीब 10 से 12 लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। डिस्पोजल में शराब रखी नजर आ रही है, वहीं डिप्टी रेंजर अपने एक सहयोगी के साथ चूल्हे पर मुर्गा पकाते दिख रहे हैं। इसी दौरान एक स्थानीय युवक ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो डिप्टी रेंजर उससे उलझते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद शासकीय आवास के इस्तेमाल और वहां बाहरी लोगों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


डिप्टी रेंजर बोले- मित्र मिलने आए थे, शराब पार्टी नहीं हुई


मामले में डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़वाल का कहना है कि दीपावली की रात वे अपने सर्किल क्षेत्र में ड्यूटी पर थे। त्योहार पर घर नहीं जा पाने के कारण उनके पारिवारिक सदस्य और मित्र सीपत मिलने आए थे। उनके साथ दोपहर के भोजन की तैयारी की जा रही थी। शासकीय आवास में किसी प्रकार की शराब पार्टी नहीं हुई थी।


24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण


वीडियो वायरल होने के बाद बिलासपुर रेंजर ने मामले का संज्ञान लेते हुए डिप्टी रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे पूछा गया है कि शासकीय आवास में किन परिस्थितियों में ऐसी गतिविधियां हुईं और वहां मौजूद लोग कौन थे। विभाग ने 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी रेंजर के स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।