बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुके प्रख्यात समीक्षक एवं लेखक डॉ. संजय अनंत विश्व हिंदी सभा द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का संचालन करेंगे। सुदूर देश सूरीनाम में हिंदी भाषा के विकास तथा वहां बसे सनातनी समाज की संस्कृति इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का मुख्य विषय होगा।

संगोष्ठी में भारत के साथ-साथ सूरीनाम, नीदरलैंड, दुबई और अमेरिका से विद्वतजन शामिल होंगे और हिंदी भाषा, संस्कृति तथा सूरीनाम में बसे सनातनी समाज की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

यह अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी भारतीय समयानुसार शाम 8:30 बजे से प्रारंभ होगी। कार्यक्रम का फेसबुक पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के हिंदी प्रेमी और संस्कृति से जुड़े लोग इस आयोजन से सीधे जुड़ सकेंगे।

डॉ. संजय अनंत द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का संचालन किया जाना छत्तीसगढ़ के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जगत के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।