बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर एक्टिवा स्कूटी चोरी करने के मामले में 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 70 हजार रुपए कीमत की चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर ली है। वाहन की पहचान सशक्त एप के माध्यम से सुनिश्चित की गई।

जोरापारा चौबे कॉलोनी अटल आवास निवासी प्रीति यादव ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त की रात 8 बजे से 7 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उसके मकान के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर खड़ी नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी 10 बीडब्ल्यू 9754 चोरी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1301/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि इमलीभाठा निवासी कान्हा पटेल चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने गवाहों के साथ संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कान्हा ने बताया कि उसे यह स्कूटी अपने साथी सुमित ठाकुर से मिली थी। पहचान छिपाने के लिए उसने स्कूटी की नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी और वाहन को इमलीभाठा बांबे आवास के नीचे छिपाकर रखा था।

आरोपी के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने स्कूटी बरामद कर ली। सशक्त एप के माध्यम से वाहन के चोरी होने की पुष्टि करने के बाद उसे जब्त कर लिया गया। आरोपी कान्हा पटेल पिता रामू पटेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी इमलीभाठा बंधवापारा जोगी आवास, सरकंडा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में सह-आरोपी सुमित ठाकुर की तलाश जारी है।

कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, दिवाकर वर्मा तथा आरक्षक संजीव जांगड़े, विवेक राय और आफाक खान की विशेष भूमिका रही।