बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के इमलीभाठा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से टीवी, मिक्सी, डीवीडी, बफर स्पीकर और पीतल के बर्तन समेत करीब 20 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और चोरी की वारदात को नशे की जरूरत पूरी करने के लिए अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक इमलीभाठा, शिव शक्ति मंदिर के पास रहने वाले शिवशंकर जगत 28 अगस्त को सुबह करीब 8 बजे अपने परिवार के साथ राखी का त्योहार मनाने तखतपुर गए थे। अगले दिन 29 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे जब वे वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। घर के अंदर रखा सामान भी गायब था। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1270/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों और चोरी के सामान की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शनी राव (24), निवासी इमलीभाठा, बंधवापारा चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने 28 अगस्त की रात करीब 2 से 2:30 बजे सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पास झाड़ियों में बोरी में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने क्राउन कंपनी का टीवी, दो मिक्सी, तीन डीवीडी प्लेयर, चार छोटे बफर, पांच बड़े बफर तथा दो पीतल की थाली और एक पौना जब्त किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है।