बिलासपुर। मोपका चौकी पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में शामिल मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार रामकृष्ण नगर मोपका निवासी रिंकी सेन ने 12 जून 2026 को चौकी मोपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 जून की दरम्यानी रात उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसा और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी समेत करीब 85 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गया।

रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 878/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहित ध्रुव (20), निवासी भाटापारा मोपका, थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका साथी चोरी करने के लिए मकान के अंदर गया था, जबकि उसे घर के बाहर खड़ा रहकर आने-जाने वालों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बदले उसे 15 हजार रुपये नकद दिए गए थे। आरोपी ने इनमें से 14 हजार रुपये खर्च कर देना बताया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 हजार रुपये नकद बरामद किए। अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मोहित ध्रुव को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मामले का मुख्य आरोपी फरार है। चोरी गए सोने-चांदी के जेवर एवं अन्य मसरूका की बरामदगी अभी बाकी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।