बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी में नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक के सीने पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। डायल 112 की मदद से उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे संबलपुरी में सोसायटी के पास हुई। मृतक आकाश सूर्यवंशी अपने दोस्तों और गांव के लोगों के साथ वहां मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही अमन सूर्यवंशी पिता प्रहलाद सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, नशे की हालत में वहां पहुंचा और आकाश से जबरदस्ती विवाद करते हुए झूमाझटकी करने लगा। विवाद बढ़ने पर अमन ने धारदार हथियार से आकाश के सीने पर कई वार कर दिए।
हमले में आकाश जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया और उसके सीने से खून बहने लगा। परिजन और आसपास के लोगों की सूचना पर डायल 112 की मदद से उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई अमरनाथ सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 849/2026 के तहत धारा 103(1) BNS में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।