बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार रात लोरमी में स्कूटी चलाते समय हादसे का शिकार हो गए। स्कूटी से गिरने के कारण उनके दाहिने पैर में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच और एक्सरे के बाद उनके पैर में मोच आने की पुष्टि की। एहतियात के तौर पर पैर में कच्चा प्लास्टर बांधा गया है। डॉक्टरों ने उन्हें करीब एक सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। चोट के कारण साव ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं।
दुर्गा पंडाल में दर्शन के लिए निकले थे साव
मिली जानकारी के अनुसार, उप मुख्यमंत्री अरुण साव अपने विधानसभा क्षेत्र लोरमी में थे। शुक्रवार रात वे स्कूटी से दुर्गा पंडाल में दर्शन करने के लिए निकले थे। इसी दौरान स्कूटी से गिरने के कारण उनके दाहिने पैर में चोट लग गई। इसके बाद शनिवार सुबह वे उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचे।
एक्सरे में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं
सिम्स में चिकित्सकों ने उनके पैर की जांच की और एक्सरे कराया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, एड़ी में मोच आने के कारण डॉक्टरों ने कच्चा प्लास्टर बांधकर पैर को आराम देने की सलाह दी है। उनकी चोट को गंभीर नहीं बताया गया है।
श्रीराम मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में नहीं पहुंचे
चोट के कारण उप मुख्यमंत्री अरुण साव शनिवार को बिलासपुर के श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इस कार्यक्रम में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। उनकी अनुपस्थिति में विधायक अमर अग्रवाल ने मंदिर परिसर में नवनिर्मित दो सभागृहों, कर्मचारी आवास और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार साव को फिलहाल आराम करना होगा।