उसलापुर जयस्तंभ के पास हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचने का आरोप, पड़ोसी होने के कारण पहले चुप रही थी पीड़िता की मां, शिकायत के बाद सकरी पुलिस ने की कार्रवाई

बिलासपुर। स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में सकरी पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने, चुन्नी खींचने और अशोभनीय बातें करने का आरोप है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार घटना 30 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे की है। नाबालिग छात्रा स्कूल जा रही थी। वह उसलापुर जयस्तंभ के पास पहुंची थी, तभी गांव का रहने वाला विजय ध्रुव उसे स्कूल जाने से मना करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने छात्रा का हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचा और उसके साथ छेड़छाड़ की।

पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी उसकी बेटी के साथ इस तरह की हरकत करता था। जब भी छात्रा स्कूल जाती, आरोपी उसका हाथ पकड़कर खींचता, चुन्नी खींचता और अनाप-शनाप बातें करता था। पड़ोसी होने के कारण परिवार ने शुरुआत में यह सोचकर शिकायत नहीं की कि कुछ दिनों में उसकी हरकतें बंद हो जाएंगी। लेकिन लगातार परेशान किए जाने के बाद मां ने 1 नवंबर को सकरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय ध्रुव (20), निवासी काटीखार, उसलापुर को पकड़ लिया। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7, 8 के तहत कार्रवाई की गई।