बिलासपुर। शुभम विहार कॉलोनी में चोरों ने आरपीएफ जवान के सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत एक लाख रुपये से अधिक का सामान पार कर दिया। जवान ड्यूटी के सिलसिले में दूसरे शहर गया हुआ था। मंगलवार को घर लौटने पर कमरे और अलमारी के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, बेलगहना के ग्राम करवा निवासी कृष्ण कुमार साहू उसलापुर आरपीएफ पोस्ट में पदस्थ हैं। वे 14 अक्टूबर को ड्यूटी के सिलसिले में खड़गपुर गए थे। इस दौरान उनका मकान सूना था। मंगलवार 3 नवंबर को वापस लौटे तो घर के कमरे और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था।


चोर अलमारी में रखे सोने के कान के रिंग, अंगूठी, बच्चों की चांदी की पायल और अन्य जेवर ले गए थे। इसके अलावा बैग में रखे 7 हजार रुपये नकद भी गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की शिकायत मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।