बिलासपुर। शहर और आसपास के इलाकों में शराब के लिए रुपए मांगने और इनकार करने पर मारपीट की 2 घटनाएं सामने आई हैं। सीपत के ग्राम भिल्मी में बदमाशों ने रतनपुर थाने में पदस्थ आरक्षक का रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी और बाइक में तोड़फोड़ की। वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा में शराब के लिए 500 रुपए नहीं देने पर बेटे ने अपनी मां के सिर पर ईंट मारकर घायल कर दिया।
आरक्षक से मारपीट, बाइक में तोड़फोड़
सीपत के ग्राम झलमला शिव चौक निवासी आरक्षक आकाश डोंगरे रतनपुर थाने में पदस्थ हैं। रविवार रात करीब 10 बजे वह ड्यूटी से बाइक से घर लौट रहे थे। ग्राम भिल्मी में कोटवार के घर के सामने मेन रोड पर कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बाइक रुकते ही अनिल रजक ने आरक्षक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बाइक समेत नीचे गिर गए।
आरक्षक ने मारपीट का कारण पूछा तो आरोपियों ने शराब पीने के लिए रुपए मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। आरोपियों ने उनकी बाइक पर भी डंडे बरसाए, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिसकर्मी से मारपीट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसीसीयू की टीमें सक्रिय हो गईं। रातभर सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद पुलिस ने सुबह 6 आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित वर्मा, दीपक कुमार वर्मा, अनिल कुमार रजक, जोयल वर्मा और नीरज वर्मा समेत अन्य शामिल हैं।
500 रुपए नहीं दिए तो मां के सिर पर मारी ईंट
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा की है। संजय नगर निवासी रजिया बेगम रोजी-मजदूरी करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 9 बजे काम खत्म करने के बाद वह घर में सो रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा राजू हुसैन शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगने लगा।
मां ने पैसे देने से इनकार किया तो राजू ने पास पड़ी ईंट उठाकर सो रही मां के सिर पर दे मारी। ईंट लगने से महिला के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी यासीम खान और नाजनीन बेगम मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को आरोपी से बचाया। लोगों के जमा होने पर राजू अपनी मां को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।