बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से गाली-गलौज और मारपीट कर नुकीली धातु से घायल करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, छोटी कोनी बांबे आवास देवनगर निवासी राहुल श्रीवास (21) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2026 की शाम करीब 6.30 बजे वह सिम्स अस्पताल के गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान गोंडपारा आदर्श चौक निवासी आशीष यादव (30) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने राहुल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और नुकीली धातु से उसकी हथेली में चोट पहुंचाई। घायल युवक का उपचार सिम्स अस्पताल में कराया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 486/2026 के तहत धारा 296, 119(1), 118(1), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
घटना के बाद से आरोपी फरार था। 9 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर गोंडपारा क्षेत्र से आशीष यादव को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल नुकीला लोहे का पेचकस भी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।