
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम जांजी में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर ठेका श्रमिक से मारपीट कर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और 2 अपचारी बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अखिलेश यादव एनटीपीसी सीपत में आनंद कुमार सिंघानिया सिविल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी के श्रमिक ग्राम जांजी स्थित लेबर कॉलोनी में रहते हैं। 11 सितंबर को कंपनी का श्रमिक असहद अली काम खत्म होने के बाद सब्जी लेकर पैदल लेबर कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान नहर रोड पर खड़े 4 युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।
असहद अली ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और धारदार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया। शिकायत पर सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी, उम्र 18 साल 2 माह, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने 3 अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर असहद अली से मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने एक अपचारी बालक के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी समीर सारथी और 2 अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।