बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर मारपीट कर धारदार छोटे चाकूनुमा हथियार से हमला करने के मामले में तोरवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल छोटा चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पंप हाउस के पास तोरवा निवासी दुर्गेश यादव ने 11 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि रात करीब 8 बजे पुराना पंप हाउस के पास कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और अपने पास रखे धारदार छोटे चाकू से उस पर वार कर दिया।

रिपोर्ट पर तोरवा पुलिस ने तत्काल धारा 296, 351(3), 119(1), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष (18 वर्ष 6 माह), निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला तोरवा की तलाश शुरू की और उसे फरार होने से पहले ही 12 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल छोटा चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को रिमांड पर पेश किया गया है।