सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर बात करने से भड़का ग्रामीण, दोबारा कॉल कर भी की अभद्रता; कॉल रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंपी
बिलासपुर। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत का निराकरण करने के लिए आवेदक को फोन करना महिला तहसीलदार को भारी पड़ गया। बातचीत के दौरान ग्रामीण ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला अधिकारी ने आपत्ति जताते हुए फोन काट दिया, लेकिन आरोपी ने दोबारा कॉल कर अभद्रता की। पीड़िता की शिकायत पर सीपत पुलिस ने आरोपी साहेब लाल रात्रे के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव कार्यालय में शासकीय कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान सीएम हेल्पलाइन में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका से संबंधित शिकायत के निराकरण के लिए उन्होंने आवेदक साहेब लाल रात्रे को फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी अचानक नाराज हो गया और महिला अधिकारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
प्रकृति ध्रुव ने उसे ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह लगातार अभद्रता करता रहा। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया। आरोपी इतने पर भी नहीं रुका और दोबारा कॉल कर गाली-गलौज करने लगा। उस समय कार्यालय में मौजूद नायब तहसीलदार पूनम कनौजे ने भी आरोपी की बातचीत सुनी।
कॉल रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंपी
घटना की जानकारी अतिरिक्त तहसीलदार ने मस्तूरी तहसीलदार प्रकाश साहू को दी। इसके बाद वह सीपत थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपी के साथ हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी साहेब लाल रात्रे के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।