बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने और शिकायत करने पर पीड़िता व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद मस्तूरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को तोरवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, तोरवा के इंदिरा आवास ढेका निवासी सूरज कुमार श्याम (20) ने पहले नाबालिग से जान-पहचान बढ़ाई। इसके बाद शादी का प्रलोभन देकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने शिकायत करने पर पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने परिजनों के साथ मस्तूरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी के गृहग्राम में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद शनिवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।