बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट के कुल 4750 नग जब्त किए हैं। जब्त नशीली दवाओं का कुल वजन 2495.64 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, एसीसीयू बिलासपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने पुत्र मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ मिलकर दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं लाकर बिक्री करने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ग्राम गुड़ी स्थित उग्रसेन लोनिया के घर पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों में उग्रसेन लोनिया पिता छेड़ूराम लोनिया उम्र 60 वर्ष, मुकेश कुमार लोनिया पिता उग्रसेन लोनिया उम्र 30 वर्ष और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा पिता लक्ष्मी प्रसाद लोनिया उम्र 20 वर्ष, सभी निवासी ग्राम गुड़ी लोनियापारा थाना सीपत शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास नशीली दवाओं को रखने अथवा बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्चा नहीं मिला।

मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश लोनिया पूर्व में भी नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 और 22 के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस अब इस मामले की एंड-टू-एंड जांच कर नशीली दवाओं की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आरोपियों के वित्तीय लेनदेन और नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर यादव के नेतृत्व में एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, शिव सिंह बक्साल सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है।