
बिलासपुर। साइबर ठगी की रकम म्यूल बैंक खातों में जमा कराकर निकालने के मामले में सरकंडा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार साहू (35), निवासी सेमरताल, गांधी चौक, थाना कोनी, बिलासपुर के रूप में हुई है। मामले में उसका एक साथी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस को भारत सरकार के पुलिस पोर्टल समन्वय (JMIS) के माध्यम से IDFC FIRST BANK के एक संदिग्ध खाते की जानकारी मिली थी। जांच में पता चला कि इस खाते से संबंधित साइबर ठगी की 11 शिकायतें दर्ज हैं और ठगी की रकम खाते में जमा कर स्थानांतरित की गई थी। उक्त खाता ‘साहू बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर’ के नाम से संचालित था, जिसके प्रोपराइटर संजय कुमार साहू हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम जमा करने और निकालने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया। पीड़ितों से ठगी गई रकम IDFC FIRST BANK और SBI के खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद UPI और ATM के माध्यम से रकम निकालकर आपस में बांट ली जाती थी।
मामले में सरकंडा थाने में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 317(5), 318(4), 323, 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। मामले से संबंधित IDFC FIRST BANK और SBI के खातों को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई।