बिलासपुर, 20 अगस्त 2026। जिले में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए थाना कोटा पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, पुरानी बस्ती कोटा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और विद्यालयीन स्टाफ को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। थाना प्रभारी कोटा शशिकांत भारद्वाज सहित पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को समझाइश देते हुए कहा कि OTP, ATM PIN, UPI PIN, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। ऑनलाइन लेन-देन के दौरान भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई।

जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल संसाधनों का उपयोग जिम्मेदारी और सावधानी के साथ करने का आह्वान किया। साथ ही छात्राओं को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें संपर्क

पुलिस ने छात्राओं को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देनी चाहिए। इसके साथ ही नजदीकी पुलिस थाने को भी घटना की जानकारी देना जरूरी है। समय पर सूचना मिलने से ठगी की राशि को होल्ड कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

कार्यक्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की प्राचार्या आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य अर्पणा लाल सहित विद्यालय के व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की।

थाना कोटा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन लेन-देन में सतर्क रहने और साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की है।