रतनपुर। रतनपुर-पेंड्रा मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ गुरुवार को लालपुर में कांग्रेस द्वारा जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। रतनपुर एवं बेलगहना ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने किया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रतनपुर-पेंड्रा मार्ग की खराब स्थिति को लेकर सरकार एवं संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क पहली ही बारिश में कई स्थानों पर खराब हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, दरारें और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक अटल श्रीवास्तव सहित कांग्रेस कार्यकर्ता बदहाल सड़क के गड्ढों और दलदल वाले स्थान पर पहुंचे। सड़क की स्थिति को लेकर विरोध जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में धान के पौधे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है और कई जगहों पर दलदल जैसी स्थिति बनी हुई है।


मौके पर पहुंचे कोटा एसडीएम नितिन तिवारी एवं रतनपुर तहसीलदार सोनू अग्रवाल से विधायक एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की स्थिति को लेकर चर्चा की। विधायक अटल श्रीवास्तव ने सड़क को जल्द सुधारने की मांग रखी। अधिकारियों की ओर से एक सप्ताह के भीतर सड़क सुधारने का आश्वासन दिया गया।


विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस द्वारा आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर चक्काजाम एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा।


कार्यक्रम में , रतनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि रियाज खोखरशीतल जायसवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आनंद जायसवाल, कोटा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आदित्य दीक्षित, संजय जायसवाल, मिर्जा रफीक बेग, यासीन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।