हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति संभाली

बिलासपुर। बिल्हा के निपनिया मेन रोड पर महावीर पेट्रोल पंप के पास हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत के मामले में बिल्हा पुलिस ने चालक रामशरण श्रीवास (43) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जानबूझकर हाइवा को रॉन्ग साइड में लहराते हुए चला रहा था। इसी दौरान उसने सामने से आ रही स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने हाइवा समेत दुर्घटनाग्रस्त दोनों दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को बिलासपुर कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि निपनिया स्थित महावीर पेट्रोल पंप के पास हाइवा की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत हो गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। सूचना मिलते ही बिल्हा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मृतक मोहम्मद इरफान कुरैशी (33), निवासी वार्ड क्रमांक 12, आमापारा बिल्हा के परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आक्रोशित लोगों को आरोपी चालक के खिलाफ ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर पुलिस ने स्थिति संभाली और संभावित चक्काजाम टाल दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से हाइवा क्रमांक CG 10 BH 7085, मृतक की स्कूटी और एसपी साइन मोटरसाइकिल को जब्त किया। जांच में सामने आया कि आरोपी रामशरण श्रीवास, निवासी इंद्रपुरी, हिर्री माइंस क्षेत्र, हाइवा को कथित तौर पर जानबूझकर रॉन्ग साइड में लहराते हुए चला रहा था। इस दौरान उसने सामने से आ रही स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहनों को घसीटते हुए वह मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने पतासाजी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 125(ए) और 105 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की भूमिका रही।