बिलासपुर। ग्राम पंचायत खैरा में श्रीराम सेवा समिति के तत्वावधान में रक्तदान शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर रक्तदान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में एएसपी श्री रामगोपाल करियारे, प्रदेश महामंत्री अजा मोर्चा छत्तीसगढ़ श्री प्रकाश सूर्या, एसडीओपी सुदीप सरकार, जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत, पटेल समाज के अध्यक्ष सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

आयोजन के दौरान युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। वहीं, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया। साथ ही लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के युवा साथी हीरेंद्र पटेल एवं उनकी पूरी टीम की सक्रिय भूमिका की सराहना की गई। उपस्थित अतिथियों ने समिति द्वारा लगातार किए जा रहे सेवा एवं सामाजिक सरोकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी आयोजनों को जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी श्रीराम सेवा समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा, सहयोग और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने वाला कदम बताया।