18 वर्षीय देविका खेत से लौटते समय हादसे का शिकार, ग्रामीणों और आरपीएफ जवानों ने पहुंचाई मदद; सिम्स में इलाज जारी

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के गतौरा रेलवे पुल के पास गुरुवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसके दोनों पैर कटकर अलग हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने मदद करते हुए उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचाया। वहां से एम्बुलेंस के जरिए सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गतौरा निवासी शिवकुमार बंजारे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी बेटी देविका बंजारे गुरुवार सुबह गांव के पास खेत में काम करने गई थी। दोपहर में काम खत्म करने के बाद वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान रेलवे पुल के पास ट्रैक पार करते समय वह सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन के पहियों के नीचे आने से उसके दोनों पैर कट गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और आरपीएफ जवानों ने घायल युवती की मदद की। जवानों ने ट्रेन रुकवाई और उसे ट्रेन के कोच में बैठाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। इसके बाद उसे तत्काल एम्बुलेंस से सिम्स भेजा गया। गंभीर हालत में युवती का उपचार जारी है।