5 लाख से अधिक कार्डधारियों को राहत, पुराने राशन कार्ड नंबर की जगह नया नंबर अपडेट कर रहा विभाग

बिलासपुर। जिले के 5 लाख से अधिक राशन कार्डधारियों को राहत मिली है। दीपावली के दौरान प्रभावित हुई राशन वितरण व्यवस्था शुक्रवार से फिर शुरू हो गई। हालांकि, फिलहाल राशन दुकानों में पुराने राशन कार्ड के बजाय आधार कार्ड के जरिए सत्यापन कर खाद्यान्न दिया जा रहा है। दरअसल, खाद्य विभाग राशन कार्डों में दर्ज पुराने नंबरों की जगह नए नंबर अपडेट कर रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने तक आधार कार्ड को वैकल्पिक पहचान के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत ई-पॉस मशीनों में आधार नंबर से सत्यापन कर राशन वितरण का विकल्प दिया गया है। मशीन में राशन कार्ड नंबर और आधार कार्ड, दोनों के जरिए सत्यापन की सुविधा है। नए नंबर अपडेट होने तक आधार आधारित व्यवस्था से खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। शुक्रवार को वितरण शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में कार्डधारी राशन लेने दुकानों पर पहुंचे।

हालांकि, नई व्यवस्था की जानकारी नहीं होने के कारण कई लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी। राशन कार्ड लेकर पहुंचे हितग्राहियों को आधार कार्ड लाने के लिए वापस लौटना पड़ा। आधार कार्ड प्रस्तुत करने के बाद ही उन्हें खाद्यान्न मिल सका। ऐसे में कार्डधारियों को फिलहाल राशन लेने जाते समय आधार कार्ड साथ रखना होगा।

सर्वर और फिंगरप्रिंट बन सकते हैं परेशानी

आधार आधारित सत्यापन की व्यवस्था में तकनीकी दिक्कतों की आशंका भी है। एक साथ बड़ी संख्या में कार्डधारियों के पहुंचने पर सर्वर पर दबाव बढ़ सकता है, जिससे ई-पॉस मशीनों की गति धीमी होने या सर्वर ठप होने की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा बुजुर्गों और मेहनतकश लोगों के फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने पर सत्यापन विफल हो सकता है। ऐसी स्थिति में राशन वितरण प्रभावित होने की आशंका रहेगी।

हैदराबाद की टीम कर रही सॉफ्टवेयर अपडेट

राशन कार्डों के नए नंबर अपडेट करने के लिए हैदराबाद से तकनीकी टीम रायपुर पहुंची है। टीम सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव कर रही है। नए नंबर अपडेट होने के बाद उन्हें राशन कार्डों पर भी दर्ज किया जाएगा, ताकि हितग्राही पुराने और नए नंबर के बीच अंतर समझ सकें। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हर महीने डेटाबेस सिंक करने की प्रक्रिया होती है। इस बार भी नियमित प्रक्रिया के तहत काम किया जा रहा है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम के अनुसार, इस महीने राशन वितरण में देरी नहीं हुई है। ई-पॉस मशीनों में आधार कार्ड के जरिए सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नए नंबर अपडेट होने तक कार्डधारियों को राशन मिलने में परेशानी नहीं होगी।