सकरी जोन की कॉलोनी में डोर-टू-डोर कलेक्शन ठप, घरों के आसपास जमा हो रही गंदगी और बदबू

बिलासपुर। नगर निगम के जोन क्रमांक-1 सकरी के अंतर्गत रामा लाइफ सिटी में सफाई व्यवस्था की लापरवाही से रहवासी परेशान हैं। कॉलोनी में पिछले पांच दिनों से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाली गाड़ी नहीं पहुंची है। ऐसे में घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को फेंकने की जगह नहीं मिलने पर लोग उसे बोरियों में भरकर रखने को मजबूर हैं। लगातार कचरा जमा होने से कॉलोनी में गंदगी और बदबू की समस्या बढ़ रही है।

त्योहार के सीजन में लोग घरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, लेकिन कचरा उठाव बंद होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। रोजाना निकलने वाले कचरे को घरों में ही जमा करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए निगम की व्यवस्था होने के बावजूद पांच दिनों तक गाड़ी का नहीं पहुंचना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

जोन-1 में आने वाली इस कॉलोनी में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कचरा उठाव शुरू कराने और गाड़ी का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।