मुंगेली, 19 अगस्त 2026। जिला मुंगेली पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत रैम्बो एम.ई.एम.एच. स्कूल, मुंगेली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के 503 छात्र-छात्राओं एवं 31 शिक्षकों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस ने समझाइश दी कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को रोकने की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।


जागरूकता कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा पर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यातायात संकेतों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।


पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही नवीन आपराधिक कानूनों तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट के संबंध में आवश्यक जानकारी देकर बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, परेशानी या असुरक्षित स्थिति सामने आने पर विद्यार्थी तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें।


कार्यक्रम के दौरान मुंगेली पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘साइबर सेल्फी कॉर्नर’ की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों से सेल्फी पॉइंट पर जाकर सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को ‘साइबर वॉरियर’ के रूप में जागरूकता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात नियमों एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। मुंगेली पुलिस का यह अभियान विद्यार्थियों में डिजिटल सुरक्षा के साथ-साथ जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बनने की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।