बिलासपुर। शहर में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई जारी है। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किए गए हैं। दोनों को आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दीपावली पर्व को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और गश्त कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 10 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि कुदुदंड माता चौरा और मगरपारा चौक के पास दो युवक हाथों में चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग टीमें रवाना कीं। पुलिस टीम ने कुदुदंड में नीरज यादव (20), निवासी यादव भवन के पास, को स्टील के चाकू के साथ पकड़ा। वहीं मगरपारा चौक में सूरज पटेल (26), निवासी मरार गली मगरपारा, को धारदार लोहे के चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चाकू जब्त कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।