
सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुई मारपीट, सहयोगी भी घायल; दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
बिलासपुर। पुरानी रंजिश को लेकर गुरुवार सुबह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में इडली-डोसा का ठेला लगाने वाले युवक और उसके सहयोगी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने दोनों के साथ विवाद करते हुए मारपीट की, जिसमें ठेला संचालक हर्ष धनकर को गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके सहयोगी रितेश साहू को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, हर्ष धनकर (29) राजीव गांधी चौक के पास इडली-डोसा का ठेला लगाता है। रितेश कुमार साहू (27) उसके साथ काम करता है। दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच आपसी राजीनामा हो गया था, लेकिन इसी विवाद की रंजिश बनी हुई थी।
आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच पंकज लहरे, राहुल चतुर्वेदी, ऋषभ राज कोसले और सारिक अली ने हर्ष और रितेश के साथ फिर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में हर्ष को गंभीर चोटें आईं, जबकि रितेश को सामान्य चोटें आई हैं।
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।