विशेष अनुष्ठान के नाम पर रिश्तेदारों से कर्ज लेकर जुटाई रकम, मंडला बुलाकर लिए पैसे; पीड़िता ने बैंक खाते फ्रीज कर रकम वापस दिलाने की मांग की
बिलासपुर। पति की मौत का डर दिखाकर विशेष अनुष्ठान के नाम पर एक कथित बाबा ने 38 वर्षीय महिला से 24 लाख 35 हजार रुपए ठग लिए। अंधविश्वास और अनिष्ट की आशंका दिखाकर आरोपी ने महिला को इस कदर भयभीत कर दिया कि उसने रिश्तेदारों और परिचितों से कर्ज लेकर लाखों रुपए जुटाए और आरोपी को सौंप दिए। मामला पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करगीखुर्द का है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मायावती कंवर के अनुसार जून 2026 में खुद को बाबा नंदी महाराज उर्फ मनीष महाराज बताने वाला एक व्यक्ति उनके गांव आया था। उसने परिवार पर बुरी आत्मा का साया होने और जल्द ही पति की मृत्यु होने का भय दिखाया। शुरुआत में पूजा-पाठ के नाम पर उसने 1600 रुपए नकद लिए। इसके बाद अनिष्ट टालने और पति की जान बचाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में अपने मोबाइल नंबर और यूपीआई के माध्यम से 33,800 रुपए भी मंगवाए।
आरोपी ने इसके बाद 31 अक्टूबर 2026 को विशेष अनुष्ठान कराने के नाम पर महिला को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के किंदारी गांव बुलाया। पति की जान बचाने की चिंता में महिला ने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर रकम जुटाई। उसने अपनी बहन दयावती पैकरा से 5 लाख, शिक्षक जहान सिंह पैकरा से 6 लाख, मोतीलाल पैकरा से 3 लाख, राजकुमार से 2 लाख, सत्यनारायण से 2 लाख और शत्रुघन सिंह मरकाम से 1.5 लाख रुपए उधार लिए। शेष रकम घर में रखे पैसों से जुटाई। इस तरह कुल 24.35 लाख रुपए आरोपी को दे दिए।
बैंक खाते फ्रीज कर रकम वापस दिलाने की मांग
ठगी का शिकार हुई महिला ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के मोबाइल नंबर, यूपीआई, बैंक खातों, कॉल डिटेल और डिजिटल चैट की जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित बैंक खातों को तत्काल होल्ड या फ्रीज कर ठगी गई रकम की बरामदगी कराने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि पूजा-पाठ, चमत्कार या विशेष अनुष्ठान के नाम पर कोई व्यक्ति डराकर पैसे मांगता है तो उसके झांसे में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।