बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 6.480 बल्क लीटर, कीमत करीब 3,100 रुपए बरामद की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध शराब के कारोबारियों की तलाश में जुटी थी।
5 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरपा बैराज के पचरी घाट के पास दो युवक स्कूटी क्रमांक CG 10 BV 1079 में देशी शराब रखकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
मौके पर पुलिस ने समीर यादव (19) और राज कुमार यादव (26) दोनों निवासी तिफरा, राम मंदिर के पीछे गली, थाना सिरगिट्टी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 6.480 बल्क लीटर और कीमत करीब 3,100 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने शराब और स्कूटी को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।