बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व पोला की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से आदर्श युवा मंच बिलासपुर द्वारा स्वर्गीय श्री श्रीचंद मनुजा की स्मृति में बैल दौड़ एवं बैल सजा-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 10 सितंबर, गुरुवार को शाम 4 बजे रपटा चौपाटी स्थित हैप्पी स्ट्रीट, विसर्जन पचरी घाट के पास आयोजित होगा।

आयोजकों ने बताया कि पोला पर्व हमारी संस्कृति और सभ्यता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह पर्व किसानों और उनके सच्चे साथी बैलों के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना को दर्शाता है। आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के कारण किसानों और बैलों के बीच पहले जैसी निकटता कम होती जा रही है। ऐसे में लुप्त होती परंपराओं को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।

पूर्व में प्रतियोगिता का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री शाला मैदान में प्रस्तावित था, लेकिन मैदान की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम का स्थान परिवर्तित कर रपटा चौपाटी के पास किया गया है।

कार्यक्रम में लोगों के उत्साहवर्धन और मनोरंजन के लिए छत्तीसगढ़ लोक कला मंच 'मन भौरा' के कलाकार लाला जी श्रीवास एवं टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान किसानों का सम्मान भी किया जाएगा।

आयोजक आदर्श युवा मंच ने पोला पर्व की इस पारंपरिक प्रतियोगिता में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।