बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। छोटा भाई तालाब में डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए बड़े भाई ने भी पानी में छलांग लगा दी। दोनों गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। देर शाम ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया।

जानकारी के अनुसार चिल्हाटी निवासी किसान भक्त प्रहलाद पैकरा गुरुवार शाम अपने दो बेटों दीपू (7) और चिंटू (4) को लेकर गांव के तालाब के पास गए थे। पिता ने दोनों बच्चों को तालाब किनारे छोड़ दिया और कुछ दूर जाकर मोबाइल पर बातचीत करने लगे। इसी दौरान चार वर्षीय चिंटू शौच के बाद तालाब की ओर गया और गहरे पानी में गिर गया।

छोटे भाई को पानी में डूबता और छटपटाता देखकर सात वर्षीय दीपू उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया। पानी गहरा होने के कारण दोनों भाई डूब गए। बताया गया कि पिता उस समय मोबाइल पर बात करने में व्यस्त थे और उन्हें हादसे की जानकारी नहीं हो सकी।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण की नजर तालाब में बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने पानी में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। परिजन उन्हें तत्काल पचपेड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में मस्तूरी रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सात महीने में पानी में डूबने से 18 से ज्यादा मौतें

बिलासपुर जिले में पिछले सात महीनों के दौरान तालाब, नदी, डैम और नहरों में डूबने तथा बहने की घटनाओं में 18 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पचपेड़ी, सीपत, सरकंडा, कोनी, कोटा, मस्तूरी और रतनपुर थाना क्षेत्रों समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में ऐसे हादसे सामने आए हैं। जनवरी से मई तक गर्मी के दौरान करीब छह लोगों की तालाब, डैम और नहरों में नहाने के दौरान डूबने से मौत हुई। वहीं जून से अगस्त के बीच मानसून के दौरान 10 से अधिक लोगों की जान पानी में डूबने या तेज बहाव में बहने से जा चुकी है।

हाल के दिनों में भी हुए कई हादसे

लीलागर नदी में महिला बही: 17 अगस्त को पचपेड़ी थाना क्षेत्र में लीलागर नदी के तेज बहाव को पार करते समय 40 वर्षीय महिला बह गई थी। करीब 72 घंटे बाद उसका शव बरामद किया गया।

अरपा में डूबे दो किशोर: 12 अगस्त को सरकंडा क्षेत्र में अरपा नदी के तट पर नहाने गए दो किशोर रेत के अवैध उत्खनन से बने गहरे गड्ढे में फंसकर डूब गए थे।

खूंटाघाट डैम में हादसा: 2 अगस्त को रतनपुर के खूंटाघाट डैम में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक का वेस्ट वियर के पास पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया।

लगातार हो रहे इन हादसों के बीच बारिश के मौसम में तालाब, नदी, डैम और नहरों के किनारे विशेष सावधानी बरतने तथा बच्चों को पानी के आसपास अकेला नहीं छोड़ने की जरूरत है।