बिलासपुर। फुटपाथ पर कब्जा कर कारोबार करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने शुक्रवार को सख्ती दिखाई। जोन क्रमांक-5 की टीम ने वाल्मीकि चौक से शनिचरी फर्नीचर लाइन होते हुए जवाली पुल तक अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ पर सामान रखकर कारोबार करने वाले सात दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 48 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। निगम अमले ने फुटपाथ पर रखा सामान भी जब्त किया और दुकानदारों को भविष्य में सार्वजनिक रास्ते पर सामान नहीं रखने की चेतावनी दी।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने जुर्माना लगाने का विरोध किया। इसे लेकर निगम कर्मचारियों और दुकानदारों के बीच बहस भी हुई और कुछ देर तक मौके पर विवाद की स्थिति बनी रही। हालांकि निगम अमले ने विरोध को दरकिनार करते हुए कार्रवाई जारी रखी। टीम ने पहले दुकानदारों को फुटपाथ खाली करने के निर्देश दिए और कब्जे की स्थिति के अनुसार जुर्माना लगाया।
निगम अधिकारियों का कहना है कि फुटपाथ आम लोगों के पैदल चलने के लिए है। दुकानदारों द्वारा सामान फुटपाथ या सड़क तक फैलाने से पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है।
कार्रवाई में जोन-5 की कमिश्नर सविना अनंत, अतिक्रमण प्रभारी संतोष वर्मा, शिव जायसवाल समेत निगम का अमला मौजूद रहा।
सात दुकानदारों से वसूला जुर्माना
कार्रवाई के दौरान निगम ने जायसवाल फ्रूट भंडार से 15 हजार, मो. जफर कपड़ा दुकान से 5 हजार, वसुंधरा कृषि संसार से 5 हजार, संतोष बिरयानी से 10 हजार, समय फीस सीड से 1 हजार और जया दुकान से 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। एक अन्य दुकान से वसूली गई राशि स्पष्ट नहीं बताई गई है। निगम के अनुसार कार्रवाई में कुल 48 हजार रुपए की वसूली हुई।
धीरे-धीरे सभी क्षेत्रों में पहुंचेगी टीम
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। धीरे-धीरे शहर के सभी क्षेत्रों में टीम पहुंचकर कार्रवाई करेगी। जरूरत पड़ने पर यातायात पुलिस का सहयोग भी लिया जाएगा।
दुकानदारों पर कार्रवाई, लेकिन फुटपाथ पर पार्किंग पर सवाल
फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई के बीच शहर में फुटपाथ पर होने वाली पार्किंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापार विहार और स्मार्ट रोड स्थित पं. श्यामलाल चतुर्वेदी मार्ग के कई हिस्सों में फुटपाथ का इस्तेमाल पार्किंग के लिए किया जा रहा है। यहां दिन-रात वाहन खड़े रहने से पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बाधित होता है और उन्हें सड़क पर चलना पड़ता है।
लोगों का सवाल है कि जब दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर सामान रखने पर जुर्माना लगाया जा रहा है, तो फुटपाथ पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी इसी तरह कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई तभी प्रभावी होगी, जब सामान रखने के साथ-साथ अवैध पार्किंग पर भी समान रूप से सख्ती की जाए।
श्रीकांत वर्मा मार्ग पर भी सामान फुटपाथ तक
श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित मार्केट में भी कई शो-रूम और दुकानों का सामान फुटपाथ तक पहुंच गया है। दुकानदारों द्वारा डिस्प्ले के लिए सामान बाहर रखने से पैदल चलने का रास्ता संकरा हो गया है। ऐसे स्थानों पर भी निगम की कार्रवाई की जरूरत बताई जा रही है, ताकि शहर के फुटपाथ वास्तव में पैदल राहगीरों के लिए उपलब्ध हो सकें।