बिलासपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिल्हा पुलिस की सरप्राइज चेकिंग में चाकू लहराते दो युवक पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 स्टील के चाकू और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को डोड़कीभाठा मोड़ के पास सरप्राइज चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर और दूसरा पैदल जाते हुए चाकू लहराते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान आकाश सारथी (20) और मनीष सागर (20), निवासी आमापारा वार्ड क्रमांक 12, बिल्हा के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 स्टील के चाकू बरामद किए। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BR 5190 भी जब्त कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, सहायक उप निरीक्षक राकेश टाण्डे, प्रधान आरक्षक अमर चन्द्रा तथा आरक्षक प्रताप साहू और नरसिंह राज का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार रखने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।