सकरी के ग्राम संबलपुर की घटना, डीजे को लेकर हुए गाली-गलौज पर भड़का आरोपी
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में सोमवार शाम नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपने पड़ोसी की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। आरोपी आकाश सूर्यवंशी (23) कुछ समय पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से वापस लौटा था। वारदात के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4:30 बजे गांव में पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर अमन सूर्यवंशी (22) और आकाश के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। इससे आकाश भड़क गया और उसने चाकू निकालकर अमन पर लगातार कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में अमन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
परिजन और आसपास के लोग घायल अमन को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर आकाश को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
नशा छुड़ाने कई बार भेजा, नहीं छूटी लत
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और वारदात के समय भी नशे में था। वह कुछ समय पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से वापस आया था। परिजन उसकी नशे की लत छुड़ाने के लिए पहले भी कई बार नशा मुक्ति केंद्र भेज चुके हैं और इलाज कराने का प्रयास कर रहे थे। इसके बावजूद उसकी नशे की आदत नहीं छूटी और सोमवार को उसने पड़ोसी की जान ले ली।